मधेपुरा। मधेपुरा-मुरलीगंज मुख्य मार्ग (एनएच-231) पर मीरगंज ढाला के समीप डायवर्सन एवं ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर राजद एवं भाकपा कार्यकर्ताओं ने जनाक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कुछ समय के लिए यातायात बाधित कर अपना विरोध जताया तथा जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाकपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि शासन और प्रशासन की कथित संवेदनहीनता के कारण मीरगंज ढाला के समीप बिना उचित डायवर्सन की व्यवस्था किए लंबे समय से ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जोरगामा और रतनपट्टी की जर्जर एवं बदहाल सड़कें लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। इन सड़कों से होकर गुजरना जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल डायवर्सन का निर्माण कराने के साथ-साथ जोरगामा एवं रतनपट्टी मार्ग की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।

प्रमोद प्रभाकर ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस द्वारा देर रात नियमित गश्ती नहीं किए जाने के कारण जोरगामा, रतनपट्टी सहित आसपास के इलाकों में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो महागठबंधन के कार्यकर्ता आर-पार की लड़ाई के लिए बाध्य होंगे।

वहीं राजद के प्रदेश महासचिव डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि बिना वैकल्पिक मार्ग अथवा डायवर्सन की समुचित व्यवस्था किए सड़क और ओवरब्रिज निर्माण कार्य से आम लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के लिए आवंटित राशि के उपयोग में अनियमितता के कारण जनता को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल डायवर्सन निर्माण की व्यवस्था करने की मांग की और कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

राजद प्रखंड अध्यक्ष इरफान अहमद, भाकपा अंचल मंत्री रमेश कुमार शर्मा, वरीय नेता अनिल भारती, सहायक अंचल मंत्री मोहम्मद सिराज, राजद नगर अध्यक्ष सुशील यादव एवं वरीय नेता उमेश यादव ने भी प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई। नेताओं ने कहा कि जनता की परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन में राजद नेता डॉ. नजीर, धर्मेंद्र यादव, मोहम्मद जुबेर, रामकुमार यादव, मोहम्मद मुन्ना आलम, बबलू रजक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं भाकपा की ओर से रोशन कुमार यादव, विवेक यादव, रंजीत वर्मा, डॉ. सोनेलाल महतो, सुरेंद्र किसकु, बालकृष्ण यादव, प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वैकल्पिक मार्ग बनाने का दिया सुझाव

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मीरगंज नहर के रास्ते डायवर्सन का निर्माण किया जा सकता है। इसके अलावा रहिका ढाला से मुख्य सड़क को जोड़कर भी वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा सकता है। नेताओं ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर यातायात की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।