मधेपुरा। भूपेंद्र नारायण मंडल वाणिज्य महाविद्यालय, सहूगढ़, मधेपुरा में महाविद्यालय की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में आज स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में योगदान देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार, नोडल पदाधिकारी डॉ. सत्येंद्र कुमार, NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रभाकर कुमार एवं डॉ. शैफालिका शेखर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा NSS स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान किया। कुल 11 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल प्रस्तुत की।

रक्तदान करने वाले प्रमुख शिक्षकों एवं कर्मचारियों में डॉ. सरोज कुमार (हिंदी), डॉ. अनिल कुमार अनल, डॉ. रविशंकर, निरंजन कुमार निराला, डॉ. अमिताभ कुमार तथा कंप्यूटर ऑपरेटर सत्यम कुमार सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं NSS स्वयंसेवक शामिल रहे।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।” उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित मेडिकल टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। NSS स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई तथा रक्तदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी रक्तदाताओं, मेडिकल टीम, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।