मधेपुरा। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर सोमवार को व्यवहार न्यायालय परिसर, मधेपुरा में जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुरविंदर सिंह मल्होत्रा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को लोक अदालत के माध्यम से विवादों के त्वरित एवं स्थायी समाधान के प्रति जागरूक करेगा।

इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुरविंदर सिंह मल्होत्रा ने कहा कि लोक अदालत आपसी सहमति और सुलह के आधार पर विवादों के स्थायी समाधान का प्रभावी माध्यम है। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जिले में करीब 4500 प्री-लिटिगेशन और 5000 पोस्ट-लिटिगेशन मामलों, यानी कुल करीब 9500 मामलों को चिन्हित किया गया है।

उन्होंने बताया कि लोक अदालत में बड़ी संख्या में ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों का भी निपटारा किया जाएगा। इसके लिए मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर के कार्यालय में 8 सितंबर से प्री-रजिस्ट्रेशन बूथ भी कार्यरत रहेगा। जिन लोगों को किसी कारणवश प्री-रजिस्ट्रेशन बूथ पर आने में परेशानी हो, वे राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन सीधे पहुंचकर भी अपने चालान का निपटारा करा सकेंगे।

इसके अलावा विभिन्न बैंकों से जुड़े ऋण मामलों के सेटलमेंट के माध्यम से निष्पादन की भी व्यवस्था की गई है। लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर ऐसे मामलों के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

प्रधान जिला जज ने आम लोगों से अपील की कि जिन लोगों को लोक अदालत से संबंधित नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि को न्यायालय परिसर पहुंचकर अपने मामलों के समाधान का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन वे अपने विवाद का स्थायी समाधान चाहते हैं, वे भी लोक अदालत के दिन हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि संबंधित मामला कंपाउंडेबल नेचर का होगा, तो पक्षकारों के बीच आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवाद समाप्त करने की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

प्रधान जिला जज ने कहा कि लोक अदालत न केवल पक्षकारों के समय और धन की बचत करती है, बल्कि आपसी सहमति से विवाद का समाधान होने के कारण पक्षकारों के बीच सौहार्द भी बना रहता है। उन्होंने लोक अदालत का नारा देते हुए कहा— “समय, श्रम और पैसा बचाएं, लोक अदालत में झगड़ा निपटाएं।”

उन्होंने जिलेवासियों से 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

इस दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जवाहर झा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सह न्यायिक पदाधिकारी पूजा कुमारी साह, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक एस.एस. पोद्दार सहित अन्य अधिकारी एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।