सहरसा/ रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य में विशेष महिला विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा के बाद कोसी क्षेत्र में इसे लेकर उम्मीद जगी है. सहरसा नगर निगम की महापौर बैन प्रिया ने मुख्यमंत्री से महिला विश्वविद्यालय की स्थापना सहरसा में करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि सहरसा जैसे पिछड़े इलाके में महिला विश्वविद्यालय की स्थापना नारी सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी.
महापौर ने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय में कुलपति से लेकर प्रोफेसर, अन्य कर्मचारी और छात्राएं तक सभी स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी होगी. ऐसे में कोसी क्षेत्र की छात्राओं के लिए यह उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण कदम होगा.
तीन जिलों की छात्राओं को मिलेगा लाभ :महापौर बैन प्रिया ने कहा कि सहरसा में महिला विश्वविद्यालय खुलने से केवल सहरसा ही नहीं, बल्कि मधेपुरा, सुपौल और खगड़िया समेत आसपास के जिलों की छात्राओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा. इन क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने मुख्यमंत्री से कोसी क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महिला विश्वविद्यालय सहरसा में खोलने की मांग की.
नारी सशक्तीकरण को मिलेगी मजबूती : महापौर ने कहा कि महिलाओं के लिए अलग विश्वविद्यालय की स्थापना उन्हें उच्च शिक्षा, शोध और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम होगा. सहरसा में इसकी स्थापना होने से कोसी क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का नया मंच मिलेगा और सरकार के नारी सशक्तीकरण के संकल्प को भी मजबूती मिलेगी.















No comments yet. Be the first to comment!