मधेपुरा। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत कला एवं संस्कृति विभाग, मधेपुरा की ओर से गुरुवार को बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में पेंटिंग एवं रंगोली प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को रंगों में उकेरा।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने आकर्षक पेंटिंग और रंगोली के जरिए राष्ट्रध्वज, स्वतंत्रता संग्राम, देश की विविधता में एकता तथा राष्ट्रीय गौरव से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया। रंगोली की मनमोहक आकृतियां और पेंटिंग में बच्चों की रचनात्मक सोच एवं कलात्मक कौशल की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल पर बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय पर्व और देश की गौरवशाली परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी स्कूली बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनका उत्साह बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।
विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा गया। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उनकी कलाकृतियों की सराहना की। बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए गायक एवं समाजसेवी सुनीत साना तथा रंगकर्मी अमित कुमार अंशु भी प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार की देखरेख में किया गया। प्रदर्शनी के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।















No comments yet. Be the first to comment!