रजनीकांत ठाकुर/ उदाकिशुनगंज/(मधेपुरा)। चौसा थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे पांच अपराधियों को दो देशी कट्टा और 25 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में भागलपुर, कटिहार और मधेपुरा जिले के अपराधी शामिल हैं। पुलिस की तत्परता से संभावित बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते नाकाम कर दिया गया।
प्रभारी एसडीपीओ आशीष राज ने बताया कि रविवार को समकालीन अभियान के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि नौगछिया की ओर से एक उजले रंग की कार में सवार पांच अपराधी चौसा की ओर आ रहे हैं। सूचना थी कि सभी भटगामा पहुंचकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पु.नि. सह थानाध्यक्ष चौसा के नेतृत्व में एसटीएफ टीम, चौसा थाना पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल ने बाबा विशु कॉलेज के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान भटगामा की ओर से तेज गति से आ रही संदिग्ध उजले रंग की कार को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। कार में पांच लोग सवार थे। पूछताछ के बाद उनकी पहचान रवि सिंह, सन्नी कुमार उर्फ सन्नी सिंह, मनीष कुमार, कुमार मनीष और पंकज मुनि के रूप में हुई।
पुलिस ने जब सभी की तलाशी ली तो पंकज मुनि के पास से 14 हजार रुपये नगद और दो मोबाइल फोन, रवि सिंह के पास से एक पुराना मोबाइल तथा सन्नी कुमार के पास से ओपो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ।
इसके बाद पुलिस ने कार की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के स्टेयरिंग के बाईं तरफ डैशबोर्ड में लगे एलईडी को हटाकर जांच की गई। पुलिस को वहां कपड़े में लपेटकर छिपाकर रखे गए दो देशी कट्टा और 25 जिंदा कारतूस मिले। हथियार और कारतूस बरामद होते ही पुलिस ने सभी पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया तथा कार समेत बरामद सामान जब्त कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर सभी को विधिवत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पंकज मुनि का पहले से भी आपराधिक इतिहास बताया गया है, जबकि अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामदगी
- दो देशी कट्टा
- 25 जिंदा कारतूस
- 14 हजार रुपये नगद
- एक उजले रंग की कार
- छह मोबाइल फोन
गिरफ्तार आरोपित
रवि सिंह, निवासी हरनाथ चक, वार्ड संख्या 28, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर।
सन्नी कुमार उर्फ सन्नी सिंह, निवासी हरनाथ चक, वार्ड संख्या 28, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर।
मनीष कुमार, निवासी हरिओ, थाना बिहपुर, जिला भागलपुर।
कुमार मनीष, निवासी इंदिरा, थाना कुर्सेला, जिला कटिहार।
पंकज मुनि, निवासी चिरौरी, थाना चौसा, जिला मधेपुरा।
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। समय रहते हथियारों के साथ पांच संदिग्ध अपराधियों की गिरफ्तारी से संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपित किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और इनके गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।















No comments yet. Be the first to comment!