मधेपुरा/ सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर ब्राह्मण समाज की लगातार हो रही उपेक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए सिंहेश्वर प्रखंड मुख्यालय स्थित एक होटल में ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संस्थापक आशीष कुमार उर्फ बब्बू झा ने की। इस दौरान सामाजिक एकजुटता, संगठन विस्तार और समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कहा कि समाज में ब्राह्मणों के प्रति पूर्वाग्रह का वातावरण बनाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि बड़ी संख्या में ब्राह्मण परिवार आज भी आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उनका कहना था कि कई परिवार अपनी आजीविका के लिए दूसरे राज्यों में दिहाड़ी मजदूरी करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व भी नहीं मिल रहा है।
लोकमंच का गठन, सम्मेलन की तैयारी
बैठक में सर्वसम्मति से लोकमंच के गठन का निर्णय लिया गया। साथ ही यह तय किया गया कि लोकमंच के बैनर तले 25 अगस्त को मधेपुरा में जिला स्तरीय ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी और युवा भाग लेंगे तथा समाज से जुड़े मुद्दों पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
सामाजिक बुराइयों को दूर करने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने और स्वच्छ, सुरक्षित एवं संस्कारित वातावरण के निर्माण के लिए सभी लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना होगा। नई पीढ़ी को बेहतर संस्कार और सही दिशा देने की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया गया।
ईडब्ल्यूएस आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग
बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि नवोदय विद्यालय और सैनिक स्कूल जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का समुचित लाभ नहीं मिलने से कई योग्य छात्र अवसरों से वंचित रह जाते हैं। इस संबंध में केंद्र सरकार और सवर्ण आयोग से आवश्यक पहल करने की मांग की गई।
बैठक में समाज को संगठित करने, युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। अंत में आगामी जिला स्तरीय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उदाकिशुनगंज नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि टीपू मिश्रा, पूर्व मुखिया राजेश झा, पूर्व मुखिया प्रमोद मिश्रा, डॉ. सुमन झा, ललित मिश्रा, नंदन ठाकुर, संजीव मिश्रा, गोविंद चौधरी, पप्पू झा, बच्चन झा, गंगेश झा, निशिकांत झा, मंजित झा, रोहित झा, धीरज झा, ब्रजेश झा, गौरव झा, बिजेंद्र झा, चंदन झा सहित कई लोग उपस्थित थे।















No comments yet. Be the first to comment!