विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान और पर्यवेक्षण गृह का किया निरीक्षण, दत्तक ग्रहण के बाद भी बच्चों के फॉलोअप की सराहना, 15 अगस्त पर सांस्कृतिक प्रतियोगिता कराने के दिए निर्देश।
बबलू कुमार/ मधेपुरा । बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने सोमवार को मधेपुरा जिले के विभिन्न बाल देखभाल संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान और पर्यवेक्षण गृह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बच्चों की देखभाल, सुरक्षा और सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।
सबसे पहले अध्यक्ष ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का निरीक्षण किया, जहां छह बच्चे आवासित मिले। उन्होंने बच्चों की समुचित देखभाल जारी रखने का निर्देश दिया। संस्थान में नवजात बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं देखभाल व्यवस्था की उन्होंने सराहना की। निरीक्षण के दौरान वर्ष 2026 के पिछले छह माह में छह बच्चों के सफल दत्तक ग्रहण की जानकारी दी गई।
डॉ. अमरदीप ने दत्तक ग्रहण के बाद बच्चों के फॉलोअप की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि दत्तक ग्रहण विनियम-2022 के तहत दो वर्ष तक फॉलोअप का प्रावधान है, लेकिन संस्थान द्वारा दो वर्ष बाद भी बच्चों की नियमित निगरानी की जा रही है। फॉलोअप से जुड़े अभिलेख और फोटो देखकर अध्यक्ष ने संतोष जताया।
अधिकारियों ने बताया कि संस्थान में अंशकालिक चिकित्सक की व्यवस्था है, जो नियमित और आवश्यकता पड़ने पर बच्चों की स्वास्थ्य जांच करते हैं। निरीक्षण में संस्थान की साफ-सफाई और बच्चों की देखभाल की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
अध्यक्ष ने जिले के सरकारी एवं निजी अस्पतालों में परित्यक्त, अनाथ और बेसहारा नवजात बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को असुरक्षित स्थानों पर छोड़ने के बजाय पालना केंद्र या सुरक्षित स्थान पर रखा जाए तथा इसके लिए आम लोगों के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि प्रत्येक नवजात का जीवन सुरक्षित रह सके।
इसके बाद डॉ. अमरदीप ने पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक ने उनका स्वागत किया, जबकि गृह में रह रहे एक किशोर ने उन्हें पौधा भेंट कर सम्मानित किया। गृह में कुल 19 बालक आवासित मिले। अध्यक्ष ने सभी बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और दिनचर्या की जानकारी ली।
बच्चों ने स्वागत गीत, संगीत, नृत्य और भाषण की प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया, जिसकी अध्यक्ष ने सराहना की। निरीक्षण के अंत में उन्होंने गृह की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों के बीच गीत, नृत्य, भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित कराने का निर्देश भी दिया।















No comments yet. Be the first to comment!