मधेपुरा। स्थानीय डी आर डी ए परिसर स्थित झल्लू बाबू सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सभी सहायक एवं कनीय अभियंता, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं जिला समन्वयक तथा अधिकृत सोलर वेंडर्स उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने योजना के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को समय पर बैंक ऋण उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए तथा उपभोक्ताओं से अनावश्यक अथवा अतिरिक्त दस्तावेजों की मांग नहीं की जाए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र आवेदनों की समयबद्ध जांच कर ऋण राशि शीघ्र स्वीकृत एवं विमुक्त की जाए, जिससे लाभार्थी बिना किसी विलंब के अपने आवास पर सोलर प्लांट स्थापित करा सकें।
बैठक में विद्युत विभाग के अभियंताओं एवं अधिकृत सोलर वेंडर्स को निर्देश दिया गया कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए उपभोक्ताओं को नेट-मीटरिंग, तकनीकी मार्गदर्शन एवं अन्य आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध कराएं। साथ ही योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि “प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों के बिजली व्यय में उल्लेखनीय कमी लाने वाली महत्वाकांक्षी योजना है। इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विद्युत विभाग, बैंक एवं अधिकृत वेंडर्स समन्वित प्रयास करते हुए लाभार्थियों को त्वरित, सरल एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।”
बैठक में योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।















No comments yet. Be the first to comment!