मधेपुरा। लोकदेव सोनाय महाराज की जन्मस्थली बेलारी में आयोजित तीन दिवसीय सोनाय महोत्सव के दूसरे दिन गुरूवार देर शाम श्रद्धा, आस्था और जनउत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बिहार सरकार की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सह मधेपुरा जिले की प्रभारी मंत्री शीला मंडल के आगमन पर स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। हजारों की संख्या में लोग देर शाम तक कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे और मंत्री को सुनने के लिए उत्सुक नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने लोकदेव सोनाय महाराज की जयंती पर आयोजित सोनाय महोत्सव को राजकीय महोत्सव एवं राजकीय मेले का दर्जा देने की मांग प्रमुखता से उठाई। जनभावनाओं को देखते हुए प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने कहा कि लोकदेव सोनाय महाराज पिछड़े और अतिपिछड़े समाज के महानायक तथा करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सोनाय महाराज की कृपा और जनसहयोग से इस महोत्सव को भविष्य में राजकीय मेले का दर्जा दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और लोक देवी-देवताओं के सम्मान एवं संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है और आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “जो समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत को खो देता है, उसका अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त हो जाता है। हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है और इसे संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
मंत्री ने कहा कि समाज तभी जीवंत और प्रगतिशील बना रह सकता है, जब वह अपनी सांस्कृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सतत प्रयास करे।
महोत्सव में मधेपुरा सहित आसपास के कई जिलों और पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम को मुखिया प्रतिनिधि रामचंद्र मंडल, प्रीतम मंडल, हरेंद्र मंडल सहित कई गणमान्य लोगों ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण मंडल ने की।















No comments yet. Be the first to comment!