मधेपुरा/ श्रावण माह का शुभारंभ 30 जुलाई 2026 से होने जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध बाबा सिंहेश्वर धाम में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बिहार सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक हेतु पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, सुगम यातायात, पार्किंग, स्वच्छता एवं विधि-व्यवस्था की व्यापक तैयारियां की गई हैं।
इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं श्री सिंहेश्वरनाथ मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों के साथ सिंहेश्वर धाम क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, यातायात उपाधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने नारियल बागान के समीप बनाए गए अस्थायी व्यवस्था स्थल ,ओल्ड पुलिस लाइन पार्किंग, दुर्गा चौक पार्किंग, मद्धेशिया स्थान पार्किंग, मवेशी हाट पार्किंग सहित विभिन्न पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, संकेतक बोर्ड एवं यातायात संचालन को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी ने बाबा सिंहेश्वर मंदिर परिसर का निरीक्षण कर जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं की कतारबद्ध आवाजाही, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा दर्शन एवं जलाभिषेक की प्रक्रिया सुरक्षित, व्यवस्थित एवं निर्बाध रूप से संचालित हो।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेला अवधि में निर्बाध यातायात, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा बाबा सिंहेश्वर मंदिर परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर का संदेश दिया गया। जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से जलाभिषेक करें तथा प्रशासन एवं पुलिस बल के साथ सहयोग करें। जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं श्रद्धापूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।















No comments yet. Be the first to comment!