मधेपुरा/ जिले में लंबे समय से प्रतीक्षित केंद्रीय विद्यालय (केवी) की स्थापना की दिशा में बड़ी प्रशासनिक सफलता मिली है। विद्यालय निर्माण के लिए साहुगढ़ पंचायत-2 स्थित राम मनोहर लोहिया हाईस्कूल के समीप 5 एकड़ 50 डिसमिल 156 वर्ग कड़ी भूमि का निबंधन कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही जिले में केंद्रीय विद्यालय निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
निबंधन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपर समाहर्ता (एडीएम) अरुण कुमार सिंह ने भूमि का विधिवत डीड केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य कुमार ठाकुर को सौंपा। इस अवसर पर एडीएम ने विद्यालय स्थापना के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह मधेपुरा के विद्यार्थियों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने विशेष रूप से साहुगढ़ पंचायत-2 के मुखिया मुकेश कुमार के निरंतर प्रयास और सहयोग की प्रशंसा की।

इधर जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य कुमार ठाकुर को निर्देश दिया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही एसएनपीएम प्लस टू स्कूल परिसर में जल्द से जल्द शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ की जाएं, ताकि जिले के छात्र-छात्राओं को केंद्रीय विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके। डीएम ने भी विद्यालय स्थापना में मुखिया मुकेश कुमार द्वारा किए गए अथक प्रयासों को सराहनीय बताया।
प्राचार्य कुमार ठाकुर ने बताया कि भूमि का डीड अब केंद्रीय विद्यालय संगठन, नई दिल्ली को भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति एवं आवश्यक निर्देश प्राप्त होते ही विद्यालय का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य भी शीघ्र गति पकड़ेगा।
इस अवसर पर डीसीएलआर अनंत कुमार, नोडल पदाधिकारी कुमार ठाकुर, निबंधन पदाधिकारी डॉ. यशपाल, अंचल अधिकारी नवीन कुमार सिंह, साहुगढ़ पंचायत-2 के मुखिया मुकेश कुमार, केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक डॉ. राधवेंद्र नारायण राधव, धर्मेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
गौरतलब है कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से मधेपुरा एवं आसपास के हजारों विद्यार्थियों को सीबीएसई पाठ्यक्रम पर आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।















No comments yet. Be the first to comment!