मधेपुरा/ जिले के चौसा प्रखंड में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने चिरौरी पंचायत में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिरौरी स्थित नवनिर्मित पंचायत भवन के समीप बिहार सरकार की लगभग 8 एकड़ 30 डिसमिल उपलब्ध भूमि का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि चौसा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डिग्री कॉलेज की स्थापना की पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्थल पर पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जिससे भविष्य में आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिग्री कॉलेज भवन का निर्माण संभव होगा।

उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेज बनने से हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे न केवल शिक्षा के स्तर में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भूमि की स्थिति, पहुंच मार्ग, आधारभूत संरचनाओं की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने के लिए सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने चिरौरी पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण को लेकर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी पंकज कुमार घोष को निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जल्द से जल्द आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए।

ग्रामीणों ने डिग्री कॉलेज निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। ग्रामीण संतोष भगत, गौतम भगत, प्रभाकर पासवान, जूही कुमारी एवं सुधीर कुमार ने कहा कि कॉलेज की स्थापना से स्थानीय विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरीना आजाद, अंचलाधिकारी उदयकांत मिश्र सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मौके पर बजरंग भगत, कुंदन किशोर, मनोज भगत समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।

चौसा से कुमार साजन और सहयोगी मो.नौशाद आलम की रिपोर्ट l