मधेपुरा/ भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा), मधेपुरा द्वारा मधेपुरा विमेंस कॉलेज में कजरी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव का उद्घाटन मधेपुरा कॉलेज के संस्थापक और श्री कृष्णा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. (प्रो.) अशोक कुमार, इप्टा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. सचिंद्र, संरक्षक डॉ. (प्रो.) विनय कुमार चौधरी, डॉ. (प्रो.) सिद्धेश्वर कश्यप, डॉ. (प्रो.) आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से किया । कजरी महोत्सव में इप्टा द्वारा आयोजित 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कार्यशाला में प्रशिक्षित कलाकारों द्वारा कई गीत, नृत्य, आदि की प्रस्तुति की गई । इस मौके पर डॉ अशोक कुमार ने कहा कि यदि भारत के लोगों को अपनी सभ्यता संस्कृति को बचाना है तो इप्टा को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि 21 दिवसीय कार्यशाला में बच्चों ने जिस उत्साह और लगन के साथ हमारी लोक संस्कृति को जाना और उससे जुड़ी प्रस्तुतियां आज यहाँ कर रहे हैं वह तारीफ के काबिल है।
इस मौके पर कलाकारों द्वारा कजरी, झिझया, समा-चकेबा, गोधना, जाट- जटिन जैसे लोकनृत्य की प्रस्तुति की गयी। इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए इप्टा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. सचिंद्र ने कहा कि आज देश सिर्फ आर्थिक और राजनीतिक संकट से नहीं बल्कि सांस्कृतिक संकट से गुजर रहा है। भारत की संस्कृति प्रेम, सद्भाव और सहस्तित्व की रही है। लेकिन पश्चात संस्कृति की अंधी दौर में हम अपनी पहचान खोते जा रहे हैं। महोत्सव में इप्टा के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कुमार शशि, उपाध्यक्ष आशीष सोना, संयुक्त सचिव शशि भूषण कुमार, प्रशिक्षक मो. सकिल, वकील वाका, कुंदन कुमार पिंटू, प्रदेश सचिव सुभाष चंद्र आदि उपस्थित थे।















No comments yet. Be the first to comment!