मधेपुरा/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरा होने के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का कार्यकाल सबसे लंबा रहा है और उनके नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है तथा वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। साथ ही 500 वर्षों से लंबित अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे लाखों किसानों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने बिहार में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच राज्य को लगभग 9.23 लाख करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला, जो पूर्ववर्ती यूपीए सरकार की तुलना में चार गुना अधिक है।

उन्होंने कहा कि बिहार में ग्रामीण सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है और 100 से अधिक आबादी वाले सभी टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। राज्य में पटना-पूर्णिया, बक्सर-भागलपुर, आमस-दरभंगा, गोरखपुर-सिलीगुड़ी, रक्सौल-हल्दिया तथा वाराणसी-गया-कोलकाता समेत छह एक्सप्रेस-वे का निर्माण जारी है।

उन्होंने बताया कि गंगा नदी पर सात नए पुल बन चुके हैं और सात अन्य निर्माणाधीन हैं। वहीं कोसी, गंडक, सोन, बागमती और फल्गु नदियों पर भी कई नए पुलों का निर्माण किया गया है। औंटा-सिमरिया गंगा पुल और पटना-आरा-सासाराम फोरलेन कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से उत्तर और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

रेल एवं हवाई सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार को रेल अवसंरचना के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये मिले हैं तथा 198 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया जा रहा है। पटना मेट्रो का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर मेट्रो परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल बन चुका है तथा दरभंगा, गया और पूर्णिया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने कहा कि बिहार में मेडिकल कॉलेजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दरभंगा एम्स, मुजफ्फरपुर स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल और पीएमसीएच के विस्तार जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं चल रही हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत चार करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है।

शिक्षा के क्षेत्र में बजट में वृद्धि, विद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के विस्तार तथा प्रत्येक पंचायत में उच्च विद्यालय की स्थापना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मखाना को जीआई टैग, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड तथा कोसी-मेची सिंचाई परियोजना जैसी योजनाओं को किसानों के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं औद्योगिक विकास के लिए बिहार निवेश शिखर सम्मेलन के तहत 2.3 लाख करोड़ रुपये के एमओयू, चंपारण और बक्सर में एसईजेड, मुजफ्फरपुर एवं खगड़िया में मेगा फूड पार्क तथा इथेनॉल नीति के माध्यम से निवेश बढ़ने का भी उल्लेख किया। प्रेस वार्ता में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य स्वदेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, आभाष आनंद झा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।