उदाकिशुनगंज,मधेपुरा/ उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र के ग्वालपाड़ा प्रखंड अंतर्गत पीरनगर पंचायत केललिया गांव के वार्ड संख्या-4 स्थित लालजी टोला में वर्षों से जर्जर सड़क की समस्या से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए कीचड़ और दलदल में तब्दील सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि लालजी टोला की यह कच्ची सड़क लंबे समय से बदहाल पड़ी हुई है। हल्की बारिश होते ही सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है। लोगों को पैदल चलने तक में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार मरीजों को उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला। समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास योजनाओं की बात तो खूब होती है, लेकिन गांव की बुनियादी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि जब सड़क खेत जैसी बन गई है, तो उन्होंने उसी सड़क पर धान रोपकर अपना विरोध दर्ज कराया है। उनका कहना था कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में नागेश्वर मंडल, झकस मंडल, विजेंद्र मंडल, सुलो मंडल, सीरीकांत मंडल, मुकेश मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी शामिल रहीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को वर्षों पुरानी इस समस्या से राहत मिल सके।














