मधेपुरा/ एनपीएस गढ़िया नॉर्थ में “हमारा बच्चा, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर आदर्श पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार तथा पंचायत मुखिया परमेश्वरी प्रसाद यादव मौजूद रहे। विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने अतिथियों का चंदन, पुष्पमाला और पारंपरिक स्वागत के साथ अभिनंदन किया।
इसके बाद छात्राओं द्वारा स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विकास में योगदान देने वाले ग्रामीणों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने वाले रामबाबू, कृत नारायण बाबू एवं सुदेश बाबू को अतिथियों ने माला पहनाकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी समान भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों को घर में सकारात्मक माहौल, उचित मार्गदर्शन और समाज में सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए, तभी बेहतर शिक्षा व्यवस्था संभव हो पाएगी। बड़ी संख्या में महिलाओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति पर उन्होंने खुशी जताते हुए इसे विद्यालय परिवार की सक्रियता का परिणाम बताया।
वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार ने विद्यालय में किए जा रहे नवाचार और अभिभावकों से सीधे जुड़ने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक बच्चों के शैक्षणिक और नैतिक विकास के लिए लगातार बेहतर प्रयास कर रहे हैं, जो पूरे प्रखंड के लिए प्रेरणादायक है।
मुखिया परमेश्वरी प्रसाद यादव ने भी विद्यालय परिवार की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण लगातार मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम में प्रधान शिक्षक संजय कुमार, शिक्षिका नीतू कुमारी, शिक्षक पवन कुमार, गणेश राम, राहुल कुमार सहित विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष शंभू प्रसाद यादव, सचिव अर्चना भारती एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन के बाद अधिकारियों एवं अभिभावकों ने विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन योजना (MDM) का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता की सराहना की।














