मधेपुरा/ मधेपुरा जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में सोमवार को मधेपुरा जिला ओपन चेस चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन मधेपुरा कॉलेज, मधेपुरा परिसर में किया गया। इस प्रतियोगिता में मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, बेगूसराय, पूर्णिया, भागलपुर एवं नालंदा सहित विभिन्न जिलों से कुल 75 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक के रूप में डॉ. ओ. पी. मुन्ना ने जिम्मेदारी निभाई, वहीं निर्णायक मंडल में पूर्णिया के अमृत साजन, जया कुमारी सहित अन्य ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ओपन वर्ग में शानदार मुकाबला
ओपन वर्ग में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें खगड़िया के शुभम कुमार ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियन बने। मधेपुरा के समीरबरधन द्वितीय, बेगूसराय की इशिका तृतीय, पूर्णिया के सागर दास चतुर्थ एवं आर्यन कुमार पंचम स्थान पर रहे।
आयु वर्ग प्रतियोगिता के परिणाम
U-14 वर्ग में मधेपुरा के सूरज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्यामनंदन द्वितीय और अदीबा शमीम तृतीय स्थान पर रहे।
U-09 वर्ग में पूर्णिया के अधार्व सिंह ने पहला स्थान हासिल किया, आरव सिंह द्वितीय एवं शिवांश धैर्य तृतीय स्थान पर रहे।
विशेष पुरस्कारों से खिलाड़ियों का सम्मान
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न विशेष पुरस्कारों से भी नवाजा गया।
- बेस्ट मधेपुरा बालक: राशिक शमीम
- बेस्ट मधेपुरा बालिका: जाह्नवी चौधरी
- बेस्ट यंगेस्ट प्लेयर: अक्षित आनंद (पूर्णिया)
- बेस्ट महिला खिलाड़ी: रिषिका (नालंदा)
इस अवसर पर मधेपुरा जिला शतरंज संघ द्वारा फीडे आर्बिटर रितेश कुमार को उनके उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही समीरबरधन, राशिक शमीम एवं शिवम कुमार को अंतर्राष्ट्रीय रेटेड प्लेयर बनने पर मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
भव्य पुरस्कार वितरण समारोह
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह डॉ. अशोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस मौके पर संघ के सचिव अनुज कुमार यादव, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार, संयुक्त सचिव जया कुमारी, फीडे आर्बिटर रितेश कुमार, अमृत साजन, जयश्री, डॉ. गोपाल जी, डी.ए.वी के शिक्षक, कुमारी शालिनी, शाहनवाज शमीम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विजेता खिलाड़ियों को नगद राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।














