मधेपुरा/ जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तुनियाही के वार्ड नंबर-04 निवासी प्रदीप कुमार के घर पर छापेमारी की गई, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान उसके घर और चारपहिया वाहन से कुल 78 कार्टून में 806.39 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब में इम्पीरियल ब्लू, सिग्नेचर, रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, ऑफिसर्स चॉइस सहित कई ब्रांड शामिल हैं। बरामद शराब की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है, जो अवैध तरीके से खपाने की तैयारी थी।
इस मामले में मधेपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। एएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, किसी भी हाल में अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।














