मधेपुरा/ जिले के भर्राही थाना क्षेत्र में बुधवार शाम बदमाशों ने एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर सात लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। घायल सीएसपी संचालक की पहचान महेशुआ गांव के वार्ड-12 निवासी रविंद्र कुमार यादव के पुत्र सीमांत सुंदरम (35) के रूप में हुई है। गोली उनके गले के पास लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

विज्ञापन

घायल सीमांत सुंदरम ने बताया कि वह बुधवार शाम मधेपुरा स्थित बैंक ऑफ इंडिया से सात लाख रुपये निकालकर अपने घर लौट रहे थे। उनके पीछे दूसरी बाइक पर उनके फुफेरे भाई प्रशांत कुमार भी चल रहे थे। इसी दौरान तुलसीबाड़ी के पास से एक पल्सर 220 बाइक पर सवार तीन बदमाश उनका पीछा करने लगे। सीमांत के अनुसार घर से करीब 500 मीटर पहले बदमाशों ने पहली बार गोली चलाई, लेकिन वह उन्हें नहीं लगी। इसके बाद उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर बाइक के बीच में बैठे एक बदमाश ने दूसरी गोली चलाई, जो उनके गले के पास जा लगी। गोली लगते ही बदमाश उनका रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।

घायल ने बताया कि तीनों बदमाश तुलसीबाड़ी के पास से ही उनका पीछा कर रहे था। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।उधर भर्राही थाना की पुलिस भी जांच में जुट गयी है ।