मधेपुरा। देशभर के साथ मधेपुरा जिले में भी धनतेरस का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को जिले के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से देर शाम तक बाजारों में रौनक बनी रही। इस दौरान जिलेभर में करीब 200 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।

धनतेरस पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाइक, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामानों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी गई। खासकर दोपहिया वाहनों और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।

वहीं, त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस प्रशासन के अधिकारी और जवान लगातार मुस्तैद दिखे, ताकि बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।