मधेपुरा/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को पंचायत सरकार भवन,मधेपुरा-बेतौना में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी, मधेपुरा अभिषेक रंजन, भा०प्र०से० एवं पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा डॉ. संदीप सिंह ने भाग लिया।
सहयोग सेतु शिविर का उद्देश्य आमजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने तथा आमजनों से आवेदन प्राप्त करने के लिए स्टॉल लगाए गए थे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा आमजनों से प्राप्त आवेदनों एवं उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का नियमसंगत, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान उनके निकट पहुंचकर करना तथा सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सहज तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को संवेदनशीलता के साथ आमजनों की बात सुनने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने भी शिविर में उपस्थित आमजनों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आमजनों की शिकायतों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय आमजन उपस्थित रहे और विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन एवं जानकारी ली। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि वे ऐसे शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं एवं पात्रता से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करें।
















No comments yet. Be the first to comment!