मधेपुरा /भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू), मधेपुरा के कुलपति प्रो. डॉ. विमलेंदु शेखर झा को जैविक विज्ञान, शोध, शिक्षण और उच्च शिक्षा प्रशासन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए बेंगलुरु में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सोसाइटी फॉर एडवांसमेंट ऑफ बायोलॉजिकल साइंसेज (SABS), बेंगलुरु एवं AET Institutions की ओर से आयोजित 9वें इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इकोसिस्टम कंजर्वेशन एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट (ECOCASD-2026) के दौरान प्रदान किया गया। सम्मेलन का आयोजन बेंगलुरु विश्वविद्यालय के जूलॉजी विभाग में किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में विभिन्न देशों से वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद और जैविक विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हुए।
प्रो. डॉ. विमलेंदु शेखर झा को Biological Sciences के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया है। यह सम्मान उनके दीर्घकालिक अकादमिक एवं वैज्ञानिक योगदान को मान्यता देता है। प्रो. डॉ. झा के पास शिक्षण, शोध और उच्च शिक्षा प्रशासन का चार दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने जूलॉजी में एमएससी गोल्ड मेडल के साथ पूरी की और एक्वाटिक टॉक्सिकोलॉजी में पीएचडी की। उनके प्रमुख शोध क्षेत्रों में Aquatic Toxicology, Histopathology और Biochemistry शामिल हैं।

उन्होंने अपने अकादमिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1980 में सहायक प्राध्यापक के रूप में की और आगे चलकर एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रोफेसर के पद पर कार्य किया। उन्होंने विभागाध्यक्ष, डीन, प्राचार्य, निदेशक तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों की जिम्मेदारी भी संभाली है। वर्तमान में प्रो बी एस झा भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के कुलपति हैं। तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, भागलपुर के कार्यवाहक कुलपति के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। प्रो. बी एस. झा के नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित 80 शोध पत्र तथा 92 वैज्ञानिक सारांश दर्ज हैं। उनके शोध कार्यों को अब तक 279 citations प्राप्त हुए हैं और उनका H-index 7 बताया गया है। वे पांच खंडों में प्रकाशित Encyclopedia of Evolutionary Zoology के लेखक भी हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई वैज्ञानिक सम्मेलनों का आयोजन किया है तथा विभिन्न वैज्ञानिक संस्थाओं और शोध जर्नलों से भी जुड़े रहे हैं। इसी अवसर पर Society for Advancement of Biological Sciences (SABS) की ओर से प्रो. डॉ. झा को “Citation of Achievements” भी प्रदान किया गया। इस प्रशस्ति में उनके teaching, research और mentorship के क्षेत्र में योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। प्रो. बी एस. झा को इससे पहले भी विभिन्न संस्थाओं द्वारा Lifetime Achievement Award, Distinguished Scientist Award, VRP Sinha Medal for Research in Fish & Fisheries, Congress of Zoology Medal सहित कई सम्मान और फेलोशिप प्रदान की जा चुकी हैं। बीएनएमयू के कुलपति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिले इस सम्मान को विश्वविद्यालय के अकादमिक और शोध क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।















No comments yet. Be the first to comment!