बबलू कुमार/मधेपुरा/ जिले के आलमनगर नगर पंचायत के वार्ड-14 में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बड़े भाई ने सो रहे छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके तुरंत बाद उसी हथियार से खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान किराना व्यवसायी नवल किशोर भगत के बड़े पुत्र पंकज कुमार (35) और छोटे पुत्र छोटू कुमार (28) के रूप में हुई है। दोनों भाई घर में साथ सो रहे थे।

बताया जाता है कि पंकज ने पहले छोटे भाई की कनपटी में देसी कट्टे से गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।

सूचना मिलते ही आलमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खून से सना देसी कट्टा बरामद किया। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। परिजनों के अनुसार छोटू की शादी 8 जुलाई को होनी थी और 28 जून को उसका तिलक-फलदान संपन्न हुआ था। शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। ग्रामीणों का कहना है कि पंकज का व्यवहार पिछले कुछ समय से असामान्य था। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है। उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार भी मौके पर पहुंच कर मृतक के पिता से पूछताछ की।