मधेपुरा / जिला पदाधिकारी मधेपुरा अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय वेश्म, मधेपुरा में जिला स्तरीय अपराध पीड़ित कल्याण न्यास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध पीड़ितों को त्वरित आर्थिक सहायता, मुआवजा, पुनर्वास एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपराध पीड़ितों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सहायता राशि एवं अन्य लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों के मामलों में मानवीय एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाना आवश्यक है, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने पीड़ितों को विधिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पीड़ितों को न्याय दिलाने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक सहयोग एवं सुरक्षा प्रदान करना है।
बैठक में समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
















No comments yet. Be the first to comment!