मधेपुरा। आम जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन की पहल के तहत समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। कुल 41 आवेदनों पर विस्तार से सुनवाई की गई, जिसमें भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा, सरकारी योजनाओं के लाभ, राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने सभी मामलों को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से किया जाएगा, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।
जिला प्रशासन ने दोहराया कि जनसहभागिता और जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।














