नौशाद आलम/ चौसा, मधेपुरा/ प्रखंड क्षेत्र के पैना पंचायत स्थित उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय ठाकुरगंज चंदा से मंगलवार को 50 छात्र-छात्राओं का दल शैक्षणिक परिभ्रमण के तहत मंदार पर्वत एवं कृषि विश्वविद्यालय सबौर के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर पंचायत की मुखिया इदुम खातून ने हरी झंडी दिखाकर परिभ्रमण दल को विदा किया।
मुखिया इदुम खातून ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों को नई जगहों के बारे में जानकारी मिलती है और उनकी सीखने की क्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल रहे हैं, जिससे उनका ज्ञान और अनुभव दोनों बढ़ता है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक रमण कुमार राही ने बताया कि शैक्षणिक परिभ्रमण का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उन्हें वास्तविक स्थलों से भी परिचित कराना है। इससे विद्यार्थियों का बौद्धिक एवं व्यावहारिक विकास होता है और वे प्रकृति, इतिहास तथा कृषि से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रत्यक्ष रूप से प्राप्त करते हैं।
इस मौके पर शिक्षक शाहबाज अहमद फिरदौसी, मो. वारिस, राजू कुमार, मो. शाहजहां, विद्यालय की रसोइया सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।














