मधेपुरा/ अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एक भव्य समारोह में पूजा कुमारी (विशिष्ट शिक्षिका), मध्य विद्यालय भर्राही बाजार, प्रखंड मधेपुरा, जिला मधेपुरा (बिहार) को “मातृभाषा रत्न” अंतर्राष्ट्रीय मानद उपाधि सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नेपाल की प्रतिष्ठित संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन, नेपाल द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नेपाल-भारत मैत्री संबंधों को सुदृढ़ करना, देवनागरी लिपि के संरक्षण एवं संवर्द्धन को बढ़ावा देना, हिंदी-नेपाली भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार को प्रोत्साहित करना तथा देश-विदेश के कवि, लेखक, साहित्यकार और शिक्षकों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना था। समारोह में नेपाल, भारत सहित पाँच देशों के लगभग एक हजार प्रतिभाओं को मातृभाषा रत्न मानद उपाधि सम्मान एवं मातृभाषा गौरव सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पूजा कुमारी को प्रशस्ति-पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान तथा मातृभाषा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया। पूजा कुमारी विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को मातृभाषा के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।
संस्था के अध्यक्ष आनंद गिरि मायालु ने कहा कि शब्द प्रतिभा संस्था का उद्देश्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उनमें नई ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने कहा कि बिहार के मधेपुरा जिले की शिक्षिका पूजा कुमारी को अंतर्राष्ट्रीय सम्मान मिलना शिक्षा जगत के लिए गर्व की बात है और यह अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक है।
पूजा कुमारी के इस सम्मान की सूचना मिलते ही विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान न केवल पूजा कुमारी बल्कि पूरे मधेपुरा जिले और बिहार राज्य के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।














