मधेपुरा/ जिले के चौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत लौआलगान स्थित बाबा विशु राउत मंदिर–चिरौरी मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन मालिक को बंधक बना लिया।
मृतका की पहचान आलमनगर थाना क्षेत्र के बसनबड़ा पंचायत स्थित पुरैनी बासा वार्ड संख्या-10 निवासी गोविंद सिंह की पत्नी रूबी देवी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंपति खोपड़ियां गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर भोज के बाद अपनी काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लौआलगान के समीप उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई, जिससे पीछे बैठी रूबी देवी सड़क पर गिर गईं। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मृतका और घायल पति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौसा लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पति का प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया है।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि फरार होने के दौरान चालक ने वाहन की चाबी उसके मालिक आलोक वर्मा को उनके लौआलगान स्थित घर पर सौंप दी थी। जब वाहन मालिक अपनी गाड़ी लेकर घटनास्थल से गुजर रहे थे, तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन को रोककर कब्जे में ले लिया और उन्हें पकड़कर लौआलगान ले गए, जहां उन्हें बंधक बना लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ उदाकिशुनगंज अविनाश कुमार, चौसा थाना अध्यक्ष रवि कुमार पासवान सहित चौसा, फुलौत, रतवारा, उदाकिशुनगंज, आलमनगर और पुरैनी थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और वाहन मालिक आलोक वर्मा तथा स्कॉर्पियो (BR-11PC-4438) को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश जारी है।














