मुरलीगंज, मधेपुरा । खेल जगत में मुरलीगंज प्रखंड के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है। बिहार स्टेट सब-जूनियर बालक एवं बालिका खो-खो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद मुरलीगंज प्रखंड के रामपुर पंचायत, वार्ड संख्या-9 निवासी मीनाक्षी सिंघानिया का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मीनाक्षी के इस चयन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे मुरलीगंज क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल व्याप्त है।
खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं मुंगेर जिला खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिहार स्टेट सब-जूनियर बालक एवं बालिका खो-खो चैंपियनशिप में समस्तीपुर की बालिका टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। इसी प्रतियोगिता के आधार पर समस्तीपुर जिले से मीनाक्षी सिंघानिया एवं एहम कुमार का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
चयनित खिलाड़ी 31 जनवरी से 4 फरवरी तक कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में आयोजित राष्ट्रीय सब-जूनियर खो-खो चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बताया गया कि मीनाक्षी वर्तमान में समस्तीपुर जिले के एक निजी विद्यालय में कक्षा नौवीं की छात्रा हैं। उनके माता-पिता के अनुसार मीनाक्षी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी विशेष रुचि रखती हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन और अथक मेहनत के बल पर उन्होंने कम उम्र में ही राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना ली है।
मीनाक्षी के पिता सूर्य प्रकाश सिंघानिया, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने बताया कि बेटी को पढ़ाई के साथ खेल के लिए भी हमेशा प्रोत्साहित किया गया है। वहीं उनकी माता अलका यादव, जो एक कुशल गृहणी हैं, ने कहा कि मीनाक्षी शुरू से ही मेहनती रही है और समय का संतुलन बनाकर पढ़ाई व खेल—दोनों में आगे बढ़ रही है।
मीनाक्षी की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, खेल प्रेमियों एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुरलीगंज की बेटी मीनाक्षी की यह सफलता क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है। लोगों को उम्मीद है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेगी।













