मधेपुरा/ शहरवासियों के लिए बैंकिंग सुविधा के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिली है। Indian Overseas Bank की नई शाखा का उद्घाटन शहर के मेन मार्केट स्थित एसबीआई रोड में किया गया। इस अवसर पर बैंक के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद कुमार रजक ने फीता काटकर शाखा का शुभारंभ किया।
यह शाखा मधेपुरा जिले में इंडियन ओवरसीज बैंक की पहली शाखा है। उद्घाटन समारोह में अधिकारियों ने बताया कि यह बिहार राज्य में बैंक की 74वीं शाखा है और आने वाले समय में राज्य में और भी शाखाएं खोली जाएंगी, खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से।
उद्घाटन के मौके पर एक खास पहल भी देखने को मिली, जहां मुरारी सिंह ने बैंक के पहले ग्राहक के रूप में अपना खाता खुलवाया। इस दौरान शाखा में उत्साह का माहौल बना रहा।
शाखा प्रबंधक अमित केशरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शाखा में ग्राहकों को सभी आधुनिक और पारंपरिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि
- सेविंग अकाउंट मात्र ₹500 में खोला जा सकता है
- करेंट अकाउंट के लिए न्यूनतम बैलेंस ₹3000 निर्धारित किया गया है
उन्होंने यह भी कहा कि शाखा में ग्राहकों की सुविधा का विशेष ख्याल रखा जाएगा और बेहतर ग्राहक सेवा देना उनकी प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर बैंक के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने नई शाखा के माध्यम से क्षेत्र में बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।














