मो. मुजाहिद आलम | कुमारखंड (मधेपुरा) मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत रानीपट्टी सुखासन पंचायत स्थित भूपेंद्र नारायण मंडल के पैतृक गांव रानीपट्टी में रविवार को उनकी 123वीं जयंती समारोह बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेंद्र नारायण यादव (बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष) एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. रमेश ऋषिदेव (सिंहेश्वर विधायक) ने समाधि स्थल व तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
समारोह की अध्यक्षता डॉ. नीरज कुमार ने की। इस अवसर पर राजद नेता प्रो. रणधीर यादव, जदयू प्रखंड अध्यक्ष संजय गांधी, पूर्व अध्यक्ष नवीन कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि नरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि स्वर्गीय भूपेंद्र नारायण मंडल महान समाजवादी नेता, स्वतंत्रता आंदोलन के क्रांतिकारी सेनानी और सामाजिक न्याय के पुरोधा थे। उन्होंने जीवनभर दबे-कुचले और पिछड़े वर्गों की आवाज बनकर संघर्ष किया। युवाओं को उनके विचारों और आदर्शों पर चलने की आवश्यकता है।
विधायक डॉ. रमेश ऋषिदेव ने कहा कि भूपेंद्र नारायण मंडल ने डॉ. मनोहर लोहिया और जननायक कर्पूरी ठाकुर के साथ मिलकर समाजवाद की विचारधारा को आगे बढ़ाया। उन्होंने समाधि स्थल के सौंदर्यीकरण की पहल विधानसभा में उठाने की बात भी कही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।













