सिंहेश्वर,मधेपुरा । शुक्रवार को मध्य विद्यालय सबैला, सिंहेश्वर के प्रांगण में यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बैनर तले वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में करीब 50 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने जमुना, नीम और बरगद के पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया आज ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से जूझ रही है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी करना चाहिए। उन्होंने यूथ हॉस्टल एसोसिएशन द्वारा चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान की सराहना की।
बीएनएमयू के रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार ने भी पौधे लगाए। उन्होंने विद्यालय परिवार तथा यूथ हॉस्टल एसोसिएशन मधेपुरा के सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार ने पौधारोपण करते हुए छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। समाजसेवी चंद्रशेखर ने भी पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रकृति और धरती पर जीव-जंतुओं के अस्तित्व को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण जरूरी है।
यूथ हॉस्टल की उपाध्यक्ष आशीष सोना ने कहा कि संगठन का लगातार प्रयास है कि अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी तुर्वसु ने कहा कि भारतीय समाज में सदियों से वृक्षों की पूजा की जाती रही है, लेकिन अब इससे आगे बढ़कर हमें बड़ी संख्या में वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण की जरूरत है।
यूथ हॉस्टल एसोसिएशन के चेयरमैन एवं विद्यालय के विशिष्ट शिक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि जिले के कई सरकारी एवं निजी विद्यालयों में संगठन की ओर से वृक्षारोपण कराया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिवकुमार ने कहा कि विद्यालय परिसर में लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण विद्यालय परिवार की ओर से किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक रंजीत कुमार रमन, इंद्रदेव यादव, रवि शंकर सिंह, शीला कुमारी, किरण कुमारी, पूनम कुमारी, मंजू कुमारी, विनीता कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।















No comments yet. Be the first to comment!