मधेपुरा/ 8 मई 2026 की वह रात शायद सहरसा और मधेपुरा के लोगों के लिए कभी भुला पाना आसान नहीं होगा। एक तरफ अस्पताल के ICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझता एक पिता था… दूसरी तरफ उसकी बेटी, जिसकी मांग में सिंदूर भरने का इंतजार सिर्फ इसलिए था ताकि उसके पिता अपनी आखिरी इच्छा पूरी होते देख सकें। यह कहानी है सहरसा जिले के पतरघट प्रखंड के काँप टोल निवासी वकील यादव की… एक ऐसे पिता की, जिसने अपनी पूरी जिंदगी बेटियों के नाम कर दी।
तीन साल पहले जब डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें कैंसर है, तब मानो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई थी। धीरे-धीरे बीमारी बढ़ती गई। इलाज चलता रहा। दर्द बढ़ता रहा। लेकिन एक चीज कभी कमजोर नहीं हुई — अपनी बेटियों के लिए उनका प्यार। वकील यादव के कोई बेटा नहीं था। तीन बेटियां ही उनकी दुनिया थीं। गांव के लोग कहते हैं कि उन्होंने कभी बेटियों और बेटों में फर्क नहीं किया। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार होने के बावजूद उन्होंने अपनी बेटियों की पढ़ाई नहीं रुकने दी। वो अक्सर कहा करते थे — “मेरी बेटियां ही मेरी ताकत हैं… यही मेरा सहारा हैं…”

उनकी बड़ी बेटी जुलीश्री भी पिता के संघर्ष को समझती थी। वह शादी से पहले अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती थी। दिन-रात मेहनत की… तैयारी की… और आखिरकार दो महीने पहले BSPTCL में असिस्टेंट ऑपरेटर की सरकारी नौकरी हासिल कर ली। जिस दिन नौकरी का रिजल्ट आया, उस दिन वकील यादव की आंखों में जो खुशी थी, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। बीमारी से टूटा शरीर उस दिन पहली बार खुश दिखाई दिया था। उन्हें लगा — “अब मेरी बेटी सुरक्षित है… अब उसका घर बस जाए तो मैं चैन से मर सकूंगा…”
बस यहीं से शुरू हुई उस पिता के आखिरी सपने की कहानी। इसी बीच मधेपुरा के श्यामा मेमोरियल हॉस्पिटल के संस्थापक और प्रमुख सर्जन डॉ. कुंदन सुमन इस परिवार के सबसे बड़े सहारे बनकर सामने आए। डॉ. कुंदन और वकील यादव का रिश्ता सिर्फ डॉक्टर और मरीज का नहीं था। वो रिश्ता भरोसे का था… अपनापन का था… दर्द को महसूस करने का था। कैंसर के इलाज के दौरान वकील यादव अक्सर श्यामा मेमोरियल हॉस्पिटल आते थे। डॉ. कुंदन सुमन सिर्फ दवा नहीं देते थे, बल्कि उन्हें जीने का हौसला भी देते थे।
एक दिन ICU में लेटे-लेटे वकील यादव ने डॉ. कुंदन का हाथ पकड़कर धीमी आवाज में कहा — “डॉक्टर साहब… बस एक बार अपनी बेटी की शादी देख लूं… फिर भगवान जब चाहे बुला लें…” यह सुनकर डॉ. कुंदन सुमन भी भावुक हो गए। शायद इसलिए भी क्योंकि वह खुद इस दर्द को जी चुके थे। उन्होंने भी अपनी कैंसर पीड़ित मां की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए संघर्ष भरे हालात में डॉ. आरती कुमारी से शादी की थी। उन्हें पता था कि किसी मरते हुए मां-बाप की आखिरी इच्छा कितनी बड़ी होती है।

उन्होंने इस जिम्मेदारी को अपना फर्ज मान लिया। काफी कोशिशों के बाद उन्होंने जुलीश्री के लिए एक योग्य लड़का ढूंढा — मिठ्ठू कुमार। पेशे से शिक्षक, शांत स्वभाव और समझदार इंसान। शादी की तारीख 15 मई तय हुई। घर में धीरे-धीरे तैयारी शुरू होने लगी।
बीमारी के बीच भी वकील यादव की आंखों में उम्मीद लौट आई थी। लेकिन शायद वक्त को इतनी मोहलत मंजूर नहीं थी। अचानक उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई। उन्हें ICU में भर्ती कराया गया। डॉक्टर समझ चुके थे कि अब जिंदगी की डोर बहुत कमजोर पड़ चुकी है। पूरा परिवार टूट चुका था। तभी डॉ. कुंदन सुमन ने एक बड़ा फैसला लिया।
उन्होंने मिठ्ठू कुमार को बुलाया और सारी स्थिति समझाई। कहा — “एक पिता की आखिरी इच्छा है… अगर संभव हो तो शादी अभी करनी होगी…” यह सुनना आसान था, लेकिन फैसला लेना नहीं। हर युवक का सपना होता है कि उसकी शादी धूमधाम से हो… बैंड-बाजा हो… रिश्तेदार हों… खुशियों का माहौल हो… लेकिन मिठ्ठू कुमार ने इंसानियत को रस्मों से बड़ा समझा। उन्होंने बिना एक पल गंवाए कहा — “अगर एक पिता की आखिरी खुशी मुझसे जुड़ी है, तो मैं तैयार हूं…”
बस फिर क्या था… देर रात बाजार खुलवाए गए। जल्दी-जल्दी कपड़े खरीदे गए। ना कोई कार्ड छपा… ना कोई शोर हुआ… ना कोई दिखावा… और फिर उसी रात सिंहेश्वर मंदिर में बेहद सादगी के साथ जुलीश्री और मिठ्ठू कुमार की शादी संपन्न हुई। वह शादी साधारण जरूर थी… लेकिन वहां मौजूद हर व्यक्ति जानता था कि वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। मांग में सिंदूर भरते वक्त जुलीश्री की आंखों से आंसू रुक नहीं रहे थे। उसे पता था कि उसके पिता जिंदगी की आखिरी सांसें गिन रहे हैं।
शादी खत्म होते ही नवविवाहित जोड़ा सीधे अस्पताल पहुंचा। ICU में मशीनों के बीच लेटे वकील यादव ने जब अपनी बेटी को दुल्हन के रूप में देखा, तो उनकी बुझती आंखों में चमक लौट आई। कांपते हाथों से उन्होंने बेटी और दामाद को आशीर्वाद दिया।
दामाद को सगुन दिया। और शायद उसी पल उन्हें जिंदगी से कोई शिकायत नहीं रही। अगले दिन… वकील यादव हमेशा के लिए इस दुनिया से चले गए।
लोग कहते हैं कि वह सिर्फ अपनी बेटी की शादी देखने के लिए ही जिंदगी से लड़ रहे थे। जैसे ही सपना पूरा हुआ… उन्होंने चैन से आंखें मूंद लीं। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। जब अंतिम यात्रा निकली, तब डॉ. कुंदन सुमन खुद वहां पहुंचे। उन्होंने वकील यादव को कंधा दिया। नए दामाद मिठ्ठू कुमार ने भी अपने ससुर को कंधा दिया। वह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।
किसी ने धीरे से कहा — “आज इंसानियत जिंदा है…” आज इस शादी की चर्चा हर जगह हो रही है। लोग कह रहे हैं — धूमधाम वाली शादियां तो बहुत देखी हैं… लेकिन ऐसी शादी शायद पहली बार देखी, जहां एक बेटी ने अपना फ़र्ज़ निभाया… एक दामाद ने इंसानियत निभाई… और एक डॉक्टर ने रिश्तों का धर्म निभाया।
यह सिर्फ एक शादी नहीं थी। यह एक पिता के सपने की विदाई थी। यह एक बेटी के प्रेम की कहानी थी। यह एक दामाद के बड़े दिल की पहचान थी। और यह उस डॉक्टर की कहानी थी, जिसने साबित कर दिया कि डॉक्टर सिर्फ शरीर का इलाज नहीं करते… कई बार टूटते हुए परिवारों को भी संभाल लेते हैं।
सचमुच… ICU से सिंहेश्वर मंदिर तक की यह यात्रा सिर्फ कुछ किलोमीटर की नहीं थी… यह प्रेम, त्याग, संवेदना और इंसानियत की सबसे खूबसूरत यात्रा थी।














