मधेपुरा/ आर.आर. ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्कूल, मधेपुरा का वार्षिक उत्सव इस वर्ष अत्यंत भव्य, आकर्षक एवं ऐतिहासिक रूप से सफल आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार विधानसभा के उपसभापति नरेंद्र नारायण यादव के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. जवाहर पासवान (प्रिंसिपल, कॉमर्स कॉलेज), प्रो. डॉ. सुधांशु शेखर, डॉ. आर. के पप्पू, पूर्व चेयरमैन डॉ. विशाल कुमार बबलू, डॉ. संजय कुमार, डॉ. सुधाकर, युगल पटेल, विनीता भारती एवं नवीन कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रंगारंग नृत्य, भावपूर्ण नाटक, प्रेरणादायक झांकियां एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक तालियों की गूंज से पूरा विद्यालय परिसर उत्सवमय बना रहा।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटकों में सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता दी गई, जिसमें विशेष रूप से नशा मुक्ति अभियान एवं तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली संदेश दिए गए। इन प्रस्तुतियों ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि समाज को जागरूक करने का भी कार्य किया।
छोटे-छोटे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने अभिभावकों का दिल जीत लिया। उनकी मासूम अदाओं और शानदार प्रदर्शन ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में चारों ओर हरियाली एवं सुव्यवस्थित वातावरण ने उपस्थित लोगों को विशेष रूप से आकर्षित किया। कार्यक्रम में लगभग 10,000 से अधिक अभिभावकों एवं दर्शकों की उपस्थिति ने इसे एक विशाल जनसमूह के उत्सव में परिवर्तित कर दिया। यह दृश्य किसी मेले से कम नहीं प्रतीत हो रहा था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपसभापति नरेंद्र नारायण यादव ने कहा, “यहां का वातावरण अत्यंत मनमोहक है। चारों ओर हरियाली और विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां यह दर्शाती हैं कि विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। मुझे विश्वास है कि यह विद्यालय आने वाले समय में पूरे बिहार एवं देश में अपनी अलग पहचान बनाएगा।” डॉ. जवाहर पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि “यह कार्यक्रम अपने आप में अद्वितीय है। विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर मन प्रसन्न हो गया।” वहीं प्रो. डॉ. सुधांशु शेखर ने कहा, “ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो किसी महोत्सव में उपस्थित हूं। आयोजन की भव्यता अत्यंत सराहनीय है।”
डॉ. विशाल कुमार बबलू ने विद्यालय को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक वरदान बताया, जबकि डॉ. आर. पप्पू ने कहा कि वे लंबे समय से विद्यालय से जुड़े हुए हैं और यहां के विद्यार्थियों की प्रतिभा निरंतर उन्हें प्रभावित करती रही है। विद्यालय के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार राजू ने कहा, “हम हर वर्ष विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते हैं। हमें गर्व है कि हमारे छात्र शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इस वर्ष विद्यालय को CBSE से +2 तक की मान्यता प्राप्त होना हमारे लिए अत्यंत गौरव का विषय है।”
विद्यालय के प्राचार्य राकेश रंजन ने कहा, “हमारा उद्देश्य मधेपुरा एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा प्रदान करना है। हम इस दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।”
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास से संभव हुआ। अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस भव्य आयोजन ने विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य किया।














