अंशु कुमार/मुरलीगंज,मधेपुरा/ मुरलीगंज शहर के काशीपुर स्थित बीआर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर आयोजित सत्रांत समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मौसम सिंह, निदेशक मानव सिंह, नपं अध्यक्षा सर्जना सिद्धि, राजद नेता डॉ. मनोज कुमार, डॉ रूपेश कुमार, डॉ साकेत कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह का संचालन असिस्टेंट डायरेक्टर कुमार गौरव ने किया।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज घोषित परिणाम पूरे वर्ष की मेहनत का प्रतिफल है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक मानव सिंह ने पुस्तकालय (लाइब्रेरी) एवं कंप्यूटर लैब का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से हर क्षेत्र में अपनी जगह बना रहा है। इसे देखते हुए विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षा के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई भी प्रारंभ की जाएगी। वहीं विद्यालय की प्राचार्य डॉ. मौसम सिंह द्वारा स्कूल टॉपर्स को साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। बताया गया कि प्री-प्राइमरी टॉपर समिक्षा रानी, प्राइमरी टॉपर वेदांत बलादित्य, सीनियर टॉपर अंगद कुमार साथ ही सभी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य डॉ. मौसम सिंह ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के शैक्षणिक विकास में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। यह भी कहा कि अब छात्र अगली कक्षा में प्रवेश करेंगे, इसलिए उन्हें पहले से अधिक मेहनत करनी होगी। वहीं बताया गया कि अंगद कुमार पिछले चार वर्षों से लगातार प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का टॉपर बन रहा है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।














