मधेपुरा/ नितीन नवीन का भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में दायित्व ग्रहण करना न केवल पार्टी में नवीन नेतृत्व के शुभारंभ का संकेत है, बल्कि दिन-रात परिश्रम करने वाले प्रत्येक युवा भाजपा कार्यकर्ता के सम्मान का प्रतीक भी है।
उक्त बातें भाजपा युवा मोर्चा बिहार के प्रदेश क्षेत्रीय प्रभारी राहुल यादव ने नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन के पदभार ग्रहण उपरांत प्रथम बार बिहार आगमन पर उनके पटना आवास में उनसे भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन के दौरान शुभकामनाएँ व्यक्त करते हुए कही।
श्री यादव ने कहा कि सौम्य व्यक्तित्व, मृदुभाषी स्वभाव, दक्ष रणनीतिकार और कुशल संगठनकर्ता श्री नितीन नवीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक सशक्तिकरण और जनसेवा की नई ऊँचाइयों को अवश्य छुएगी। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें उनके नेतृत्व एवं सानिध्य में लगातार तीन वर्षों तक बिहार भाजपा युवा मोर्चा में कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। उनका पार्टी के सर्वोच्च दायित्व पर आसीन होना हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है।
नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को हार्दिक बधाई देते हुए श्री राहुल यादव ने कहा कि उनका निर्वाचन भाजपा की सुदृढ़ आंतरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामान्य कार्यकर्ता को आगे बढ़ाने की पार्टी की परंपरा का एक सशक्त उदाहरण है।














