मधेपुरा। लायंस क्लब इंटरनेशनल के तत्वावधान में लायंस क्लब सिंहेश्वर एवं लायंस क्लब सिंहेश्वर फेमिना द्वारा दो दिवसीय “लायंस क्वेस्ट” प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आर.आर. ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब के जोनल प्रेसिडेंट डॉ. आर. के. पप्पू, चार्टर्ड प्रेसिडेंट डॉ. एस.एन. यादव, डॉ. संजय, डॉ. गोपाल, लायंस क्लब सिंघेश्वर के अध्यक्ष डॉ. एस.के. सुधाकर, लायंस क्लब सिंघेश्वर फेमिना की अध्यक्ष प्रो. डॉ. राधा कुमारी, विद्यालय के प्रिंसिपल राकेश रंजन, मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश कुमार राजू, संजीव भगत एवं सुधाकर पांडे सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए एसपी डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि बच्चों को दिखावे और किसी भी प्रकार के प्रलोभन से दूर रखते हुए सादगीपूर्ण जीवन शैली अपनानी चाहिए। पढ़ाई पर फोकस, अनुशासन और सही संगति से ही एक सफल इंसान बना जा सकता है।
जोनल प्रेसिडेंट डॉ. आर. के. पप्पू ने समाज में फैल रही कुरीतियों को दूर करने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास पर बल दिया। डॉ. एस.एन. यादव, डॉ. संजय एवं डॉ. गोपाल ने भी शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।
लायंस क्लब सिंघेश्वर के अध्यक्ष डॉ. एस.के. सुधाकर एवं फेमिना की अध्यक्ष प्रो. डॉ. राधा कुमारी ने कहा कि यह दो दिवसीय प्रशिक्षण शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा। विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश कुमार राजू ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से बच्चों में सकारात्मक बदलाव आएगा और शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का विकास होगा।
विद्यालय के प्रिंसिपल राकेश रंजन ने कहा कि यह प्रशिक्षण हमारे शिक्षकों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। इससे शिक्षकों की कार्यक्षमता और विद्यार्थियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता में वृद्धि होगी, जो विद्यालय के समग्र शैक्षणिक वातावरण को और सुदृढ़ बनाएगा।
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 50 शिक्षकों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी पदाधिकारियों एवं विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।














