मधेपुरा/ सदर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पीपरपत्ता में बुधवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम दिवस सह शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानाध्यापक जयप्रकाश एवं अन्य शिक्षकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कक्षा आठ के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें सिटू कुमार ने प्रथम, अजय कुमार ने द्वितीय और करण कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक जयप्रकाश ने की। उन्होंने छात्रों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। कक्षा तीन की छात्रा मेहर कुमारी ने स्वागत गान प्रस्तुत किया, वहीं मेहर और सुप्रिया ने लोकगीत पर आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा साक्षी, सोनी, लवली, लक्ष्मी, लक्की सहित कई छात्रों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शिक्षक बबीता कुमारी, नरेंद्र कुमार, रणधीर कुमार, मो. सदरुल हक, साक्षी कुशवाहा, अरुणा कुमारी, आसमीन खातून, प्रियांशु राज सहित अन्य शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।














