सिंहेश्वर (मधेपुरा): थाना क्षेत्र के सिंहेश्वर–बिरैली रोड नंबर 18 पर पुलिस ने देह व्यापार के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 युवतियों और 3 युवकों को हिरासत में लिया है। मौके से एक पल्सर एनएस (BR 43 AA 3103) बाइक भी जब्त की गई।
यह छापेमारी पुलिस मुख्यालय पटना के निर्देश पर चलाए जा रहे “नया सवेरा” अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई एनजीओ ‘बिहार सेवा समिति न्याय केंद्र, मधुबनी’ के सहयोग से अंजाम दी गई। छापेमारी में तीन डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल था।
बताया जाता है कि पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर मौके पर पहुंचे थे। जैसे ही छापेमारी शुरू हुई, वहां मौजूद युवतियां खेतों की ओर भागने लगीं। हालांकि महिला और पुरुष पुलिस बल ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया।
मौके की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। इस कार्रवाई में एसटीएफ की भूमिका की भी चर्चा की जा रही है।
छापेमारी में एएसपी परमेंद्र भारती, सदर डीएसपी मदन मोहन, प्रोबेशनर डीएसपी नूरुल, थानाध्यक्ष विनोद कुमार, मधेपुरा थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, महिला थानाध्यक्ष नीतू कुमारी सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे।














