सोनबरसा, सहरसा। सहरसा जिले के सोनबरसा प्रखंड अंतर्गत बैठ मुसहरी पंचायत के हाथीकरण टोला में सोमवार को मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के तहत दो रोमांचक मैच खेले गए। यह दो दिवसीय टूर्नामेंट महान फुटबॉलर मरांग बुरु अंकित सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि की स्मृति में आयोजित किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को खेले गए पहले मुकाबले में बसनही ताराही की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को 1–0 से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में हाथीकरण टोला की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए बसनही तारारही की टीम को 2–1 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
टूर्नामेंट के आयोजक सेवानिवृत्त सैनिक संजय सोरेन ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य दिवंगत फुटबॉलर अंकित सोरेन की स्मृति को जीवित रखना तथा क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति रुचि और खेल भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है।
इस मौके पर सुनील कुमार, अजय मुरमुर, कमलेश्वरी टुडू (प्रधान), बाबूलाल सादा, आलोक हेमरम, गणेश मुरमुर, अजय टुडू, दिनेश टुडू, ललन हेमरम, आकाश कुमार मुरमुर, अजय मरांडी, देवीलाल मुरमुर, राजू हेमरम, महेश्वरी हेमरम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया।














