महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी कोशी क्षेत्र का करेंगे भ्रमण, कई जगह आयोजित होंगे कार्यक्रम।
* 15 जुलाई को सुपौल में कोशी पीड़ितों से संवाद * देव रिसॉर्ट सहरसा में 16 जुलाई को सामाजिक राजनैतिक कार्यकर्ताओं से होगा संवाद। *16 जुलाई को मधेपुरा होते हुए अररिया के लिए होंगे रवाना।
मधेपुरा/तुरबसु महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी 15 व 16 जुलाई को कोशी क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। 15 जुलाई को कोशी तटबंध के भीतर कोशी पीड़ित संवाद कार्यक्रम का आयोजन होगा वहीं 16 जुलाई को देव रिसॉर्ट सहरसा में सामाजिक, राजनैतिक कार्यकर्ताओं से संवाद आयोजित होगा, उसी दिन 3 बजे मधेपुरा के कर्पूरी चौक, बी.एन. मंडल और बी.पी. मंडल की प्रतिमा का माल्यार्पण कर अररिया के लिए रवाना होंगे। इस बात की जानकारी कोशी नव निर्माण मंच के संयोजक महेंद्र यादव ने दी।श्री यादव ने बताया कि 15 जुलाई को सुपौल के कोशी नदी के तटबंध के भीतर के गांवों की स्थिति को देखेंगे और हर साल बाढ़ आपदा भोगने वाले लोगों से बात करेंगे। यहां कोशी तटबंध के भीतर के लोगों के साथ हुए ऐतिहासिक अन्याय, हर साल बाढ़, आपदा की पीड़ा, पुनर्वास, कोशी पीड़ित विकास प्राधिकार, लगान मुक्ति, कोशी के जनपक्षीय समाधान, शिक्षा स्वास्थ्य की बात उठेगी। आगे कैसे एकजुट होकर, सरकार, नेताओं और प्रशासन पर जन दबाव बने ये बातें बिहार विधान सभा चुनावों में प्रमुखता से स्थापित हो इसपर भी चर्चा होगी। उनका स्वागत कोशी महासेतु के पास बैंगा बाढ़ आश्रय स्थल पर दिन में 10 बजे किया जायेगा वहां से 11 बजे नाव से सिसौनी पंचायत के एकडेरा गांव के लिए रवाना होंगे जहां टीला पर संवाद होगा। वहां से किशनपुर अंचल के मौजहां पंचायत के पंचगछिया कार्तिक मेला स्थान पर 1 बजे से संवाद आयोजित होगा। वहां से वे मरौना प्रखंड के खोखनहा गांव में जाएंगे जहां प्राथमिक विद्यालय के समीप संवाद आयोजित होगा। शाम में लगभग 5.30 बजे मुंगरार बैरिया मंच आयेंगे जहां समापन कार्यक्रम आयोजित होगा।


विज्ञापन
सहरसा में सामाजिक राजनैतिक संवाद
श्री यादव ने बताया कि 16 जुलाई को दिन में 10 बजे से देव रिसॉर्ट सहरसा में कोशी प्रमंडल के नागरिकों द्वारा आयोजित सामाजिक राजनैतिक संवाद में तुषार गांधी भाग लेंगे। यहां के स्थानीय मुद्दों, वर्तमान सामाजिक-राजनैतिक परिस्थितियों और बिहार चुनाव पर सामाजिक- राजनैतिक संवाद में चर्चा होगी। उसी दिन 3 बजे मधेपुरा वे मधेपुरा पहुंचेंगे जहां कर्पूरी ठाकुर, बी.एन. मंडल और बी.पी. मंडल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अररिया के लिए रवाना होंगे।श्री यादव ने बताया कि तुषार गांधी के साथ संयुक्त किसान मोर्चा के किसान नेता डॉ सुनीलम, सामाजिक कार्यकर्ता विजय प्रताप, गुड्डी, फिरोज मिठीबोरवाला, अरविंद मूर्ति, जनार्दन सिंह, अजय सहनी, कम्पिलेश्वर राम इत्यादि देश व प्रदेश के चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता रहेंगे।
आयोजन की तैयारी के लिए तीनों जिलों में अलग अलग तैयारी समिति बनाकर तैयारी की जा रही है।