पुरैनी/आलमनगर(मधेपुरा)।जिले में अलग-अलग जगह शुक्रवार को पानी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में पुरैनी थाना क्षेत्र के तीन बच्चे और आलमनगर की एक बच्ची शामिल है। हादसे के बाद मृतकों के घरों में मातम छा गया है। पहली घटना पुरैनी के औराय पंचायत की है।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे लाली टोल वार्ड 2 निवासी दयानंद शर्मा का पुत्र महादेव कुमार(13) और पिंटू शर्मा का पुत्र अमृत कुमार(12) पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ लाली टोल के बनकट्टा पोखर के किनारे बकरी चरा रहे थे। खेलने कूदने के दौरान पैर फिसलने से अमृत पोखर में गिर गया। पोखर में पानी अधिक होने के कारण वह डूबने लगा। उसको बचाने के लिए महादेव भी पोखर में कूद पड़ा लेकिन पानी अधिक होने के कारण वह भी डूबने लगा। दोनों बच्चों को डूबते देख अन्य बच्चों ने उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर जब तक दोनों को पानी से बाहर निकालते तबतक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी।
दूसरी घटना में सपरदह पंचायत के वार्ड 6 निवासी प्रकाश यादव का पुत्र आयुष कुमार(13) भी लाली टोल से कड़ामा जाने वाली सड़क में सपरदह पंचायत के नहर पुल के पास कड़ामा चौर पोखर के पास बकरी चरा रहा था। बकरी चराने के दौरान ही वह पोखर में नहाने लगा। उसके साथ बकरी चरा रहे कुछ बुजुर्गों ने आयुष को पोखर में जाने से माना किया लेकिन आयुष पोखर में चला गया। पोखर में पानी अधिक होने के कारण आयुष डूबने लगा। वहां मौजूद लोगों के शोर मचाने शोर पर वहां और भी लोग आए। उनलोगों ने जब तक में आयुष को बाहर निकाला तब तक में उसकी मौत हो चुकी थी।

विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, सीओ किशुन दयाल राय घटनास्थल पर पहुंचे। दो किलोमीटर के आसपास लगभग एक ही समय में तीन-तीन बच्चों की पानी में डूबकर मौत होने की खबर सुनकर इलाके में सन्नाटा पसर गया। मृत बच्चों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पानी में डूबने से बच्ची की मौत :आलमनगर(मधेपुरा)। थाना क्षेत्र के वैसा टोला में शुक्रवार दोपहर बकरी चराने के दौरान नहर के किनारे बड़ी खाई में डूबने से एक बच्ची की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि आलमनगर थाना क्षेत्र के वार्ड 20 के निवासी अशोक राम की पुत्री बबली कुमारी (9) दोपहर करीब 3 बजे पास के ही नहर के पास बकरी चरा रही थी। इसी क्रम में पैर फिसल जाने से वह पानी भरे गहरी खाई में चली गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिन्हा अभय कुमार, आरओ सौरभ कुमार राजस्व कर्मचारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची के शव को पानी से निकाला।
Comments are closed.