मधेपुरा/ जिले के समग्र विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आज जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न प्रमुख स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान केंद्रीय पुस्तकालय, ऑडिटोरियम, कॉलेज चौक स्थित सब्जी मंडी, पानी टंकी, न्यू बस स्टैंड, पुरानी बस स्टैंड एवं निर्माणाधीन पार्क का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में केंद्रीय पुस्तकालय में पठन-पाठन की व्यवस्था, पुस्तकों की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं पाठकों को मिल रही सुविधाओं का गहन अवलोकन किया गया। जिला पदाधिकारी ने पुस्तकालय को और अधिक आधुनिक, सुसज्जित एवं उपयोगी बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों एवं पाठकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
ऑडिटोरियम परिसर के निरीक्षण के दौरान आधारभूत संरचनाओं, रख-रखाव एवं स्वच्छता की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित कर्मियों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा लंबित मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि यह स्थल सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए और अधिक सुदृढ़ बन सके।
इसके अतिरिक्त सब्जी मंडी, पानी टंकी, न्यू बस स्टैंड, पुरानी बस स्टैंड एवं निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण करते हुए आमजनों को उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और मजबूत करने तथा सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पुस्तकालय एवं ऑडिटोरियम जैसे सार्वजनिक स्थल आमजनों के बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विकास के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने सभी विभागों को नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास करने पर बल दिया।
यह निरीक्षण जिले में विकास कार्यों की गति को और तेज करने तथा नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।














