मधेपुरा: जिला मुख्यालय में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से बुधवार को मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग और औषधि निरीक्षक दल द्वारा संयुक्त रूप से विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न दवा दुकानों एवं संदिग्ध स्थानों पर सघन जांच की गई।
छापेमारी दल का नेतृत्व अधीक्षक मद्यनिषेध दुर्गेश कुमार ने किया। उनके साथ निरीक्षक मद्यनिषेध बबलू कुमार, औषधि निरीक्षक राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। टीम ने कई मेडिकल दुकानों की गहन जांच करते हुए दवाओं के स्टॉक और अभिलेखों का सत्यापन किया।
अधिकारियों ने दवा विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के किसी भी प्रकार की नशीली दवाओं की बिक्री न की जाए। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।














