बनगांव, सहरसा/ बिहार खेल ज्ञानोत्सव 2025 में उच्च माध्यमिक विद्यालय बनगांव पूर्वी के दो होनहार छात्र, मो. साहिल (पिता मो. परवेज) और मो. अब्दुल्लाह (पिता मो. मुर्तुजा) ने प्रमंडलीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। दोनों बच्चों ने प्रथम स्थान लाकर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि अपने माता-पिता का नाम भी गर्व से ऊँचा किया है।
दोनों छात्रों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय “प्रयास” संस्था और शिक्षक अविनाश शंकर बंटी सर को दिया। उन्होंने बताया कि “प्रयास” द्वारा आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और क्विज ने उनकी तैयारी को दिशा दी और उन्हें आत्मविश्वास प्रदान किया।

विज्ञापन
विद्यालय के प्राचार्य गोविंद मिश्र ने छात्रों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें 17 अप्रैल को होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर प्राइवेट स्कूल्स एवं चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जफर पयानी, सचिव प्रताप कुमार, संतोष कुमार चुन्नु, इफ्तेखार आलम गुड्डू, सब्बीर आलम, सुदर्शन झा, वीर कुमार, मनी भूषण सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी छात्रों को बधाई दी।
बी.एस.सी. इंटरनेशनल की प्राचार्य मिनी प्रिया ने राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को विशेष सुझाव और मार्गदर्शन प्रदान किया। अब पूरा क्षेत्र इन प्रतिभावान छात्रों की सफलता की प्रतीक्षा कर रहा है।