धूमधाम से सिंहेश्वर महोत्सव मनाने का लिया गया निर्णय

मधेपुरा/ जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीना की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागर, मधेपुरा में शनिवार को सिंहेश्वर महोत्सव, 2024 के सफल आयोजन हेतु बैठक आयोजित की गई एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से सिंहेश्वर महोत्सव 2024 को दिनांक 15 मार्च से दिनांक 17 मार्च 2024 कुल तीन दिनों तक मनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावे पूर्व की भाॅति महोत्सव स्थल के रूप में सिंहेश्वर मवेशी हाट प्रांगण का चयन किया गया। साथ ही दिनांक 8 मार्च 2024 से लेकर दिनांक 8 अप्रैल 2024 तक सिंहेश्वर मेला के आयोजन पर परिचर्चा भी की गई।

सिंहेश्वर महोत्सव, 2024 के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति हेतु स्थानीय कलाकारों के अतिरिक्त ख्याति प्राप्त कलाकारों के चयन पर परिचर्चा किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों को महोत्सव के सफल संचालन हेतु बिंदुवार निर्देश दिए गए, जिसमें जिला नजारत उप समाहर्ता, मधेपुरा को पूर्व की भाॅति आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी पीएचइडी को महोत्सव स्थल पर पानी तथा शौचालय की व्यवस्था करने तथा नियमित सफाई कराने निर्देश दिया गया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को महोत्सव के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार करने, समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कराने आवश्यकतानुसार फ्लेक्स संस्थापन करने निर्देश दिया गया।

इसके अलावा महोत्सव एवं मेला में विधि-व्यवस्था बनाये रखने तथा नियंत्रण रखने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दायित्व सौंपा गया। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मधेपुरा को आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। मरम्मति संबंधित कार्य हेतु कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, मधेपुरा को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। मेला परिसर के साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन के संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, सिंहेश्वर को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अरूण कुमार सिंह, अपर समाहर्ता, मधेपुरा, अवधेश कुमार आनंद, उप विकास आयुक्त, मधेपुरा, मुकेश कुमार, अपर समाहर्ता, आपदा शाखा, मधेपुरा,  धीरज कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, मधेपुरा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मधेपुरा,  पंकज कुमार घोष, वरीय उप समाहर्ता, मधेपुरा, सुश्री निकिता, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, मधेपुरा, कुमार सत्येन्द्र यादव, जिला परिवहन पदाधिकारी, मधेपुरा,  मिथिलेश कुमार ठाकुर, सिविल सर्जन, मधेपुरा, सुश्री तान्या कुमारी के साथ साथ अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारीगण, सामाजिक कार्यकर्त्ता एवं सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के सदस्यगण उपस्थित हुए।

Comments (0)
Add Comment