मधेपुरा : वासुदेव एंड संस पेट्रोलियम चौसा परिसर में समारोह का आयोजन कर किया गया पौधारोपण

👉प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार यादव ने कहा कि प्रकृति समस्त जीवों के जीवन का मूल आधार 👉सामाजिक शैक्षणिक कल्याण संघ के संरक्षक सत्यप्रकाश गुप्ता विदुरजी ने कहा कि पेड़ प्रकृति का आधार 

चौसा, मधेपुरा/सामाजिक शैक्षणिक कल्याण चौसा के बैनर तले आज शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित वासुदेव एंड संस पेट्रोलियम परिसर में एक समारोह का आयोजन कर पौधारोपण किया गया। जिसका उद्घाटन प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार यादव ने की।जिसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष याहिया सिद्दीकी ने की।इस मौके पर 50 से अधिक पौधे का पौधारोपण किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार यादव ने कहा कि प्रकृति समस्त जीवों के जीवन का मूल आधार है। प्रकृति का संरक्षण एवं संवर्धन सभी जीव जगत के लिए बेहद ही अनिवार्य है। प्रकृति पर ही पर्यावरण निर्भर करता है। गर्मी, सर्दी, वर्षा आदि सब प्रकृति के सन्तुलन पर निर्भर करते हैं। यदि प्रकृति समृद्ध एवं सन्तुलित होगी तो पर्यावरण भी अच्छा होगा और सभी मौसम भी समयानुकूल सन्तुलित रहेंगे।सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो उत्तम कुमार ने कहा कि प्रकृति असन्तुलित होगी तो पर्यावरण भी असन्तुलित होगा और अकाल, बाढ़, भूस्खलन, भूकम्प आदि अनेक प्रकार की प्राकृतिक आपदाएं कहर ढाने लगेंगी। प्राकृतिक आपदाओं से बचने और पर्यावरण को शुद्ध बनाने के लिए पेड़ों का होना बहुत जरूरी है।

सामाजिक शैक्षणिक कल्याण संघ के संरक्षक सत्यप्रकाश गुप्ता विदुरजी ने कहा कि पेड़ प्रकृति का आधार हैं। पेड़ों के बिना प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। इसीलिए हमारे पूर्वजों ने पेड़ों को पूरा महत्व दिया।

 

संघ के सचिव संजय कुमार सुमन ने कहा कि वेदों-पुराणों और शास्त्रों में भी पेड़ों के महत्व को समझाने के लिए विशेष जोर दिया गया है। पुराणों में स्पष्ट तौर पर लिखा है कि एक पेड़ लगाने से उतना ही पुण्य मिलता है, जितना कि दस गुणवान पुत्रों से यश की प्राप्ति होती है। इसलिए, जिस प्रकार हम अपने बच्चों को पैदा करने के बाद उनकी परवरिश बड़ी तन्मयता से करते हैं, उसी तन्मयता से हमें जीवन में एक पेड़ तो जरूर लगाना चाहिए और पेड़ लगाने के बाद उसकी सेवा व सुरक्षा करनी चाहिए। तभी हमें पेड़ लगाने का परम पुण्य हासिल होता है।

पूर्व उपप्रमुख विनोद सिंह ने कहा कि वृक्ष एक तरह से संतान की तरह ही मानव की उम्रभर सेवा करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए।युवा समाजसेवी मनौवर आलम ने कहा कि यदि प्रकृति को ईश्वर का दूसरा रूप कहा जाए तो कदापि गलत नहीं होगा। पेड़ों पर प्रकृति निर्भर करती है। पेड़ लगाना प्रकृति का संरक्षण व संवर्धन है और प्रकृति का संरक्षण व संवर्धन ईश्वर की श्रेष्ठ आराधना है।जदयू के जिला युवा उपाध्यक्ष नित्तम कुमार गांधी ने कहा कि एक पेड़ लगाने से असंख्य जीव-जन्तुओं के जीवन का उद्धार होता है और उसका अपार पुण्य सहजता से हासिल होता है। एक तरह से पेड़ लगाने से अपार पुण्य की प्राप्ति होती है। भारतीय संस्कृति में भी वृक्षारोपण को अति पुण्यदायी माना गया है।

इस मौके पर वासुदेव एंड संस पेट्रोलियम के प्रोपराइटर सत्यप्रकाश गुप्त उर्फ विदूरजी , सामाजिक शैक्षणिक कल्याण संघ चौसा के अध्यक्ष यहिया सिद्दीकी,पत्रकार संजय कुमार,एस मोटर्स के प्रबंधक मनौवर आलम ,शिक्षाविद आफाक आलम ,असजद आलम,मो.अयान कॉमेडियन कृष्णा कुमार,दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तिगण उपस्थित थे।

Comments (0)
Add Comment