शिक्षक गोलीकांड में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

:: 31 जुलाई को शिक्षक चन्द्रशेखर झा को अपराधियों ने मारी थी गोली

उदाकिशुनगंज, मधेपुरा। पुरैनी थाना क्षेत्र के कड़मा पेट्रोल पंप के पास बुधवार को शिक्षक चंद्रशेखर झा पर गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक शिक्षक निरंजन कुमार भगत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार निरंजन पर विभिन्न थाने में उसपर पहले से कई मामले दर्ज हैं। एसडीपीओ अविनाश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि निरंजन कुमार भगत आलमनगर थाना क्षेत्र के मधेली गांव के मध्य विद्यालय सिंघार में कार्यरत है। पुरानी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। शिक्षक चंद्रशेखर झा पर गोली चलाने के मामले में एक अन्य अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापामारी जारी है।

उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को शिक्षक चन्द्रशेखर झा मध्य विद्यालय सिंघार जा रहे थे। कड़ामा-मधेली पेट्रोल पम्प के पास एनएच 106 पर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने पीछे से ओवरटेक कर चंद्रशेखर झा को गोली मार दी। स्थानीय लोग उन्हें आलमनगर सीएचसी ले गए। वहां से उन्हें भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया था। घटना के बाद घायल शिक्षक चन्द्रशेखर झा के पिता निरंजन झा ने पुरैनी थाना में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद एसपी संदीप सिंह ने एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुरैनी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सहित जवानों की एक टीम गठित की। टीम ने घटना के महज चौबीस घंटे के अंदर गोली मारने वाले आरोपी शिक्षक निरंजन कुमार भगत उर्फ बब्लू को गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार शिक्षक निरंजन कुमार भगत के खिलाफ आलमनगर, सदर थाना और भवानीपुर थाना में भी कई संगीन मामले दर्ज हैं।

Comments (0)
Add Comment