दो बाइक की टक्कर में कांवरिया की मौत, चार घायल

ग्वालपाड़ा,मधेपुरा। अरार थाना क्षेत्र के काली स्थान धर्मकांटा के पास एनएच 106 पर दो बाइक की टक्कर में एक कांवरिया की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य युवक घायल हुए हैं। घटना सोमवार सुबह करीब 5 बजे की है। मृतक की पहचान चौसा थाना क्षत्र के अरसंडी निवासी गुड्डू कुमार(32 साल) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि चौसा अरसंडी के संतोष यादव का लड़का छांगरू कुमार (21 साल) विंदेश्वरी यादव का लड़का दिलखुश कुमार (18 साल) और गुडडू कुमार बाइक से भागलपुर जिले के महादेव घाट से गंगाजल लेकर बाबा सिंहेश्वर नाथ को जलाभिषेक करने जा रहे थे। धर्मकांटा के पास एनएच 106 पर विपरीत दिशा से आ रहे लालपुर सुंदर पट्टी के गुलशन कुमार (23 साल) और मनीष कुमार (25 साल) की बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार पांचों युवक सड़क पर गिर कर घायल हो गए। उधर से गुजर रहे कुछ लोग और गश्ती कर रही पुलिस सभी घायलों को को सीएचसी ले आई। वहां डॉक्टर ने गुड्डू कुमार को मृत घोषित कर दिया। अन्य चारों घायलों को मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अरार थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि गुड्डू कुमार के शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक को जब्त कर लिया गया है।

Comments (0)
Add Comment